पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां के नेतृत्व में पुलिस व एसएसबी का संयुक्त शक्ति प्रदर्शन, शांति और कानून व्यवस्था के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट
मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज ! आगामी त्यौहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना नौतनवां क्षेत्र में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च श्रीमान पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम के नेतृत्व में पुलिस बल एवं सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुआ।
फ्लैग मार्च थाना नौतनवां से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सजग और प्रतिबद्ध है।
क्षेत्राधिकारी महोदय ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्यौहार सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयासों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि सीमा क्षेत्र होने के कारण नौतनवां में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
प्रशासन का यह कदम आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जनता में विश्वास स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।