महराजगंज ब्रेकिंग
प्रेमी को दी आखिरी चेतावनी
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमाकाटी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि युवती का अपने प्रेमी के साथ पिछले 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोप है कि हाल के दिनों में युवक द्वारा रिश्ते से मुकरने की बात सामने आने के बाद युवती ने यह कदम उठाया। टावर पर चढ़ी युवती ने ऊपर से एक कथित “धमकी भरा खत” नीचे फेंका, जिसमें उसने लिखा कि उसका प्रेमी 12 साल के रिश्ते को धोखा दे रहा है और उसे न्याय चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार पुलिस टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
युवती को प्राथमिक बातचीत और परामर्श के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने गांव समेत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या मानसिक तनाव की स्थिति में कानून हाथ में न लें और पुलिस अथवा परिवार से संपर्क करें।