नेपाल के अधिकारियों का मिल रहा है भरपूर सहयोग-एडीजी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! प्रयागराज में आगामी महाकुंभ 2025 के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को गोरखपुर जोन के मंडलायुक्त, एडीजी जोन गोरखपुर डॉक्टर केएस प्रताप कुमार, डीआईजी आनन्द कुलकर्णी, डीएम महाराजगंज अनुनय झा और एसपी महाराजगंज सोमेंद्र मीना सहित अन्य अधिकारी भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पहुंचे। यहां नेपाल और भारत के अधिकारियों के बीच एक औपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रयागराज में महाकुंभ मेले में नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और सीमा पर सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

एडीजी जोन गोरखपुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महाकुंभ मेले के दौरान नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नेपाल के अधिकारियों का इस दिशा में भरपूर सहयोग मिल रहा है। बैठक में नेपाल के सभी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनी।

बैठक में नेपाल की ओर से उपस्थित अधिकारियों में रूपंदेही जिले के एसपी रंजीत सिंह राठौर, एसपी सशस्त्र सीमा बल के डीएसपी, सशस्त्र सीमा बल डांडा हेड चंद्र कुमार थापा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भारत की ओर से मंडलायुक्त गोरखपुर अनिल ढींगरा,डीआईजी गोरखपुर आनंद कुलकर्णी,डीएम महाराजगंज अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक महाराजगंज सोमेंद्र मीना, डिप्टी कमिश्नर कस्टम नौतनवां वैभव कुमार सिंह,एसएसबी कमांडेंट जगदीश प्रसाद धावाई, एसडीएम नौतनवां,पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां जय प्रकाश त्रिपाठी और सोनौली कोतवाली प्रभारी अंकित कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सोनौली अभय कुमार सिंह मौजूद रहे।

बैठक के बाद एडीजी ने निर्माणाधीन सोनौली इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इसके अलावा, सोनौली कोतवाली में ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए महाकुंभ के दौरान सुरक्षा को मजबूत करने के सुझाव दिए।
महाकुंभ के इस महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारत-नेपाल की सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल और सहयोग को प्राथमिकता देने की बात कही गयी ।