नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा को लेकर एडीजी ने किया सोनौली बॉर्डर का दौरा,जाना हाल

नेपाल अधिकारियों से बैठक, आईसीपी का निरीक्षण और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने पर सहमति जताई

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

सोनौली महराजगंज! अपर महानिदेशक (एडीजी) मुथा अशोक जैन ने बुधवार को नवरात्रि के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी कैंप कार्यालय में नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने पर सहमति जताई।

 

एडीजी ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की आवाजाही और चेकिंग व्यवस्था को देखा। अधिकारियों को त्योहार के दौरान चेकिंग प्रक्रिया को सख्त लेकिन व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

सोनौली कोतवाली में सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक हुई। इसमें एसएसबी, पुलिस, कस्टम और इमीग्रेशन के अधिकारी शामिल हुए। नवरात्रि के दौरान तस्करी, अवैध शराब और मादक पदार्थों की रोकथाम पर चर्चा की गई।

 

एडीजी जैन ने पेट्रोलिंग बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी स्थलों की यात्रा करते हैं। इसलिए सीमा क्षेत्र की सुरक्षा प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन से समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। सभी एजेंसियां मिलकर नवरात्रि को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराएंगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा भी मौजूद रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!