महराजगंज में होली से पहले प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च 

डीएम-एसपी ने पैदल गश्त कर लिया सुरक्षा का जायजा, ड्रोन से होगी निगरानी

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिले के श्यामदेऊरवा कस्बा क्षेत्र में विशेष पैदल गश्त का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से संवाद कर होली के अवसर पर प्रेम,भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई। 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की सहायता से लगातार निगरानी की जा रही है। ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा रणनीतिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

प्रशासन ने नशे की हालत में वाहन न चलाने,गुंडागर्दी, मारपीट या अन्य अनुशासनहीन व्यवहार से दूर रहने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि होली का त्योहार हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!