मनोज कुमार त्रिपाठी
नेपाल राष्ट्र में हो रहे मध्यावधि चुनाव के परिप्रेक्ष्य में भारतीय सीमा से सटे क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नौतनवां (उत्तर प्रदेश) के पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने नेपाल के युवा राजनीतिक नेता गौरव बोहरा से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-नेपाल संबंध, सीमा क्षेत्र के विकास, व्यापारिक सहयोग और सामाजिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। त्रिपाठी ने नेपाल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सफल संचालन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत और नेपाल के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंध सदैव मजबूत रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
वहीं, बोहरा ने इस मुलाकात को आपसी सौहार्द और सहयोग का प्रतीक बताते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दोनों देशों के जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद आवश्यक है। उन्होंने युवाओं के लिए अवसर सृजन, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नेपाल में चल रहे मध्यावधि चुनाव के बीच इस तरह की मुलाकातें क्षेत्रीय राजनीति में सकारात्मक संदेश देती हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने इसे एक सामान्य शिष्टाचार भेंट बताते हुए आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।