उमेश चन्द्र त्रिपाठी
भैरहवा नेपाल! गौतम बुद्ध अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अंतर्राष्ट्रीय आगमन टर्मिनल पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एयर एशिया की उड़ान द्वारा भैरहवा पहुंचे एक भारतीय नागरिक को अवैध मादक पदार्थ गांजा (कैनबिस) के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भारत के 36 वर्षीय राशिद भाटिया के रूप में हुई है। मिली खबर के रविवार दोपहर हवाई अड्डे पर आगमन के दौरान कस्टम और सुरक्षा जांच के समय उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई। इसके बाद संयुक्त टीम द्वारा की गई गहन तलाशी में उसके सामान से गांजा जैसा दिखने वाला लगभग 5 किलोग्राम मादक पदार्थ(गांजा) बरामद किया गया।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बरामद गांजा को नेपाल के रास्ते किसी अन्य स्थान पर सप्लाई किया जाना था। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्कर गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
जब्त किए गए मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स नियंत्रण कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी और जांच व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।

इस घटना के बाद भैरहवा सहित देश के अन्य अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है, ताकि ड्रग तस्करी की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।






