ससुरालियों पर हत्या का आरोप, दो माह पहले हुई थी शादी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत मधवलिया गांव में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो महीने पहले धूमधाम से ब्याही गई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने अपनी बेटी के पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में थाना सिंदुरिया के ग्राम रामपुर मीर जनपद महराजगंज निवासी चुल्हाई शर्मा पुत्र स्वर्गीय नरेश शर्मा ने बताया कि उसने अपनी पुत्री अंजली शर्मा की शादी 29 अप्रैल 2025 को बृजेश शर्मा पुत्र स्वर्गीय खदेरू शर्मा निवासी ग्राम मधवलिया, थाना कोठीभार से हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से की थी। शादी में पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया था। विवाह के कुछ ही दिन बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
चुल्हाई का आरोप है कि अंजली को गालियां दी जाती थीं, पीटा जाता था और उसे बार-बार दहेज के लिए तंग किया जाता था। उन्होंने बताया कि दिनांक 5 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 3 बजे दामाद बृजेश शर्मा ने फोन कर सूचित किया कि “आपकी बेटी की मृत्यु हो गई है।” यह सुनकर वह तत्काल बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि अंजली का शव दुपट्टे से लटका हुआ था और शरीर पर मारपीट के स्पष्ट निशान थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति बृजेश शर्मा को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित पिता चुल्हाई शर्मा ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुरीति की भयावहता को उजागर करता है, जहां बहू को उपहार कम पड़ने पर जिंदगी से हाथ धोना पड़ता है।
पुलिस ने इस मामले में बृजेश शर्मा पिता स्वर्गीय खदेरू शर्मा, गिरजेश पिता स्वर्गीय खदेरू शर्मा, गिरजेश की पत्नी ,दो लड़की व एक लड़के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इन सभी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0213/25 के तहत धारा (बी एन एस), 2023, 80(2), 85, 3,4, भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस), 2023, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

