महराजगंज में डीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा- मांगें नहीं मानी तो करेंगे कार्य बहिष्कार
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज में आशा कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा है। आशा कार्यकत्री एसोसिएशन की प्रांतीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष जमीरुननिशा के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में एकत्र होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन डीएम संतोष कुमार शर्मा को दिया।
आशा कार्यकत्रियों ने बताया कि वे 2006 से काम कर रही हैं। उन्हें अब भी वही प्रोत्साहन राशि मिल रही है, जो वर्तमान महंगाई के हिसाब से बहुत कम है। उनकी छह प्रमुख मांगें हैं। इनमें 21,500 रुपये मासिक मानदेय और राज्य कर्मचारी का दर्जा शामिल है। साथ ही आयुष्मान कार्ड, 10 लाख का बीमा और मृत आशा के आश्रित को नौकरी की मांग की गई है। आभा कार्ड भुगतान में तेजी लाने की भी मांग है।
कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश की सभी आशा कार्यकत्रियां काम बंद कर धरना-प्रदर्शन करेंगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जमीरूनिशा के अलावा संगीता देवी, उषा देवी, शकुंतला देवी, उर्मिला देवी, रजवंती देवी, पूनम, अनीता, हिना पासवान और मंजू वर्मा सहित अन्य कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

