रिपोर्ट: मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपन्देही, नेपाल – रूपन्देही के भैरहवा में जारी जिला स्तरीय एशियन बुद्ध टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें न्यू होराइजन क्रिकेट क्लब, टीम एवेंजर्स और एशियन बुद्धा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में न्यू होराइजन ने लुम्बिनी पार्टनर को 70 रनों से हराया। भैरहवा स्थित सिद्धार्थ क्रिकेट रंगशाला में खेले गए इस मैच में न्यू होराइजन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 2 विकेट पर 140 रन बनाए। जवाब में लुम्बिनी की टीम 7 विकेट खोकर केवल 70 रन ही बना सकी। न्यू होराइजन के निश्चल ज्ञवाली को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दूसरे मुकाबले में टीम एवेंजर्स ने साई ग्लोबल एकेडमी को 38 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एवेंजर्स ने 6 विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाए। जवाब में साई ग्लोबल की पूरी टीम मात्र 40 रन पर ऑल आउट हो गई। इस मैच में शाहद अर्याल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

तीसरे मुकाबले में एशियन बुद्धा ने बुटवल क्रिकेट क्लब को 24 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एशियन बुद्धा ने 6 विकेट पर 115 रन बनाए। जवाब में बुटवल की टीम 2 विकेट खोकर केवल 91 रन ही बना सकी। अभिषेक गौतम को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यह प्रतियोगिता प्रोफेशनल मास्टर्स-1 क्रिकेट क्लब, भैरहवा द्वारा आयोजित की जा रही है, जो आगामी 9 जुलाई तक चलेगी। विजेता टीम को ₹80,000 नकद, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को ₹40,000 के साथ अन्य पुरस्कार मिलेंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो अन्य टीमों को भी ₹10,000-₹10,000 की राशि दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, मैन ऑफ द सीरीज को ₹12,000,
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ को ₹8,000-₹8,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।







