मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा नेपाल! जिला स्तरीय ‘एशियन बुद्धा टी–10 क्रिकेट प्रतियोगिता’ के अंतर्गत मंगलवार को हुए तीन मुकाबलों में लुम्बिनी खुकुरी क्रिकेट क्लब, एशियन बुद्धा और न्यू होराइजन विजयी रहे। रूपन्देही के भैरहवा स्थित सिद्धार्थ क्रिकेट रंगशाला में खेले गए पहले मैच में लुम्बिनी खुकुरी ने अपने प्रतिद्वंदी क्लब को 8 विकेट से हराकर जीत हासिल की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी विरोधी टीम मात्र 7.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 47 रन ही बना सकी। जवाब में लुम्बिनी खुकुरी ने 4.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 52 रन बनाते हुए आसानी से मैच जीत लिया। इस मैच में खुकुरी के शाहब आलम ने 4 विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
इसी तरह, दूसरे मुकाबले में एशियन बुद्धा ने बुद्धा क्रिकेट क्लब को 49 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एशियन बुद्धा ने 6 विकेट पर 121 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में बुद्धा क्रिकेट क्लब 6 विकेट खोकर सिर्फ 72 रन ही बना पाया और हार गया। इस मैच में एशियन बुद्धा के कृष्ण कार्की ने 68 रन बनाए और 1 विकेट लिया, उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
तीसरे मुकाबले में न्यू होराइजन ने टीम एवेंजर्स को 74 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए होराइजन ने 5 विकेट पर 105 रन बनाए। जवाब में एवेंजर्स की पूरी टीम 9.4 ओवर में सिर्फ 31 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मैच में 44 रन और 2 विकेट लेने वाले होराइजन के आरिफ खान ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।
प्रोफेशनल मास्टर्स-15 क्रिकेट क्लब, भैरहवा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 80 हजार और उपविजेता को 40 हजार रुपये के साथ ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस सप्ताह सेमीफाइनल में पहुँचने वाली दो टीमों को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। आयोजकों की ओर से मैन ऑफ द सीरीज को 12 हजार, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ को 8-8 हजार रुपये, हर मैच के मैन ऑफ द मैच को 1,200 रुपये, सर्वश्रेष्ठ कैच और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 2,500 रुपये तथा दर्शक दीर्घा में छक्का कैच करने वाले दर्शक को 500 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
प्रतियोगिता का मुख्य कार्यक्रम स्थल भैरहवा का एशियन बुद्ध होटल है। मौसम के कारण एक दिन खेल स्थगित होने से प्रतियोगिता 12 दिन तक चलेगी।

