लुंबिनी विकास को लेकर बड़ा चुनावी ऐलान: इमिग्रेशन और भंसार खोलने का वादा

“जीत मिली तो पहला निर्णय लुंबिनी के लिए” – कांग्रेस प्रत्याशी भरत शाह का दावा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लुंबिनी से क्षेत्र संख्या–5 के कांग्रेस प्रत्याशी भरत साह ने विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहला कार्य लुंबिनी में इमिग्रेशन कार्यालय और भंसार (कस्टम) कार्यालय खोलना होगा। उनका कहना है कि वर्षों पहले प्रसिद्ध वास्तुकार प्रोफेसर केन्ज़ो तांगे द्वारा तैयार किया गया लुंबिनी का मास्टर प्लान आज भी पूरी तरह लागू नहीं हो सका है और उसके कई महत्वपूर्ण हिस्से अधूरे हैं।

 

YouTube player

 

उन्होंने जोर देकर कहा कि मास्टर प्लान के शेष कार्यों को पूरा कर लुंबिनी को वास्तविक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया जाएगा। वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने बताया कि अधिकांश विदेशी पर्यटक भैरहवा मार्ग से आते हैं और वहीं ठहर जाते हैं, जिसके कारण लुंबिनी के होटल खाली पड़े रहते हैं और स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। यदि यहां इमिग्रेशन कार्यालय खोला जाता है तो विदेशी पर्यटक सीधे लुंबिनी पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन, होटल व्यवसाय और स्थानीय रोजगार को सीधा लाभ मिलेगा।

भरत साह ने विश्वास जताया कि इस बार कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और सरकार बनने पर विकास के वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उनका कहना है कि सीमा क्षेत्र को व्यवस्थित और विस्तारित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लुंबिनी को विश्व स्तरीय पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इमिग्रेशन और भंसार कार्यालय खुलने से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। लुंबिनी से यह बयान क्षेत्रीय राजनीति में विकास को मुख्य मुद्दा बनाता दिख रहा है और अब चुनाव परिणाम तय करेंगे कि यह घोषणा जमीन पर कब तक उतरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!