मनोज कुमार त्रिपाठी
नेपाल में हुए आम चुनाव के मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट दिया है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार देशभर में करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी कि पूरे देश में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहजनक माहौल में संपन्न हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी ने बताया कि शुरुआती आंकड़ों के आधार पर लगभग 60% मतदान होने का अनुमान लगाया गया है, जबकि वास्तविक आंकड़ों का संकलन अभी जारी है।
आयोग के अनुसार कुछ मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदान जारी रहा, हालांकि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
अब सभी की नजर मतगणना प्रक्रिया पर टिकी हुई है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतपेटियां एकत्र होते ही तुरंत मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
इसके साथ ही दुर्गम इलाकों के 15 जिलों से मतपेटियों को हेलीकॉप्टर के जरिए लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि जल्द से जल्द मतगणना पूरी की जा सके और नतीजे सामने आएं।
नेपाल की राजनीति में अब असली तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी।
#NepalElection #NepalNews #ElectionUpdate #Voting #NepalPolitics #BreakingNews #Election2026 #Nepal