महराजगंज में हाई अलर्ट:
होली पर हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस बल अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस तैनात
हुड़दंगियों पर प्रशासन की नजर, शराब पीकर वाहन चलाने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। नेपाल में होने वाले चुनाव को लेकर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 72 घंटे की सख्त पाबंदी लागू कर दी गई है। 2 मार्च की रात्रि 12:00 बजे से 5 मार्च की रात्रि 12:00 बजे तक सीमा पूरी तरह सील रहेगी। इस दौरान आम नागरिकों और सामान्य यातायात का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस और अन्य अति-आवश्यक सेवाओं को आंशिक छूट प्रदान की जाएगी
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए दोनों देशों के उच्च प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हाई-लेवल मीटिंग कर समन्वय रणनीति तय की। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में भारत की ओर से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, नौतनवां के उप जिलाधिकारी नवीन प्रसाद, थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा, सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव और सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमांडेंट सी. विवेक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं नेपाल की तरफ से रूपन्देही जिले के प्रमुख जिलाधिकारी माधव प्रसाद पोखरेल (सीडीओ) और जिला रुपंदेही नेपाल पुलिस के एसपी जनक बहादुर शाही सहित पुलिस और प्रशासन के कई आला अधिकारी शामिल रहे।
इधर होली पर्व को देखते हुए जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और शहर के सभी एंट्री व एग्जिट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि हुड़दंग, जबरन रंग डालना, बिना अनुमति डीजे बजाना, शराब पीकर वाहन चलाना, स्टंट राइडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में भारी चालान के साथ वाहन जब्ती और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
त्योहारों और चुनाव के मद्देनजर प्रशासन का संदेश साफ है—शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं।