उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए बहुप्रतीक्षित शुभ घड़ी आ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 अप्रैल को रोहिन बैराज का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वपूर्ण जानकारी को साझा करते हुए नौतनवां विधान सभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक ऋषि त्रिपाठी की लगातार कोशिशें रंग लाई
विधायक ऋषि त्रिपाठी लंबे समय से रोहिन बैराज के शीघ्र संचालन के लिए प्रयासरत थे। विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बैराज के उद्घाटन हेतु अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने 5 अप्रैल को लोकार्पण के लिए समय निर्धारित किया।
अधिकारियों की टीम शीघ्र करेगी तैयारियों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले के उच्च अधिकारी सोमवार को रोहिन बैराज का निरीक्षण करेंगे और विधायक ऋषि त्रिपाठी से मुलाकात कर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा की तैयारियां एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
किसानों को होगा सीधा लाभ
रोहिन बैराज के संचालन से नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी फसल उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किसानों को इस ऐतिहासिक क्षण के लिए बधाई दी और कहा कि सरकार लगातार किसानों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर नौतनवां क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में किसानों और आम नागरिकों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।