मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवां।
हरियाली तीज पर्व के अवसर पर होटल रामाडा / एशियन बुद्धा में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को उत्साह और आस्था से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाएँ पारंपरिक परिधानों में सजी–धजी नजर आईं और तीज के गीतों पर थिरकते हुए नारी शक्ति, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।


शिव–पार्वती की प्रतिमा पर विधिवत पूजा–अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत, भजन और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। गीत–संगीत और तालियों की गूंज से होटल का प्रांगण पूरी तरह तीजमय हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस पर्व का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वाह करना नहीं, बल्कि समाज में सामूहिक एकता, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करना भी है।


कार्यक्रम स्थल को हरियाली, पुष्पमालाओं और रंग–बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जो दर्शकों को आकर्षित कर रहा था। वहीं स्वादिष्ट व्यंजन और पारंपरिक मिठाइयों ने उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
महिलाओं ने कहा कि तीज का यह पर्व उनके लिए श्रद्धा, सौंदर्य और आत्मिक आनंद का प्रतीक है, जो हर साल नई उमंग और ऊर्जा लेकर आता है।















