बालकृष्ण खाँड के हाथों पार्टी कार्यालय का उद्घाटन, रास्पा पर विदेशी एजेंडा चलाने का आरोप
मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपन्देही (नेपाल)। सियारी गाउँपालिका में चुनावी सरगर्मी के बीच वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 3 में नेपाली कांग्रेस के पार्टी कार्यालय का भव्य उद्घाटन पूर्व गृहमंत्री एवं कांग्रेस नेता बालकृष्ण खाँड के करकमलों से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सियारी की डिप्टी मेयर तारा चौधरी ने कांग्रेस के पक्ष में जोरदार अपील करते हुए कहा कि “यदि नेपाल में विकास और लोकतंत्र को बचाना है तो नेपाली कांग्रेस को भारी मतों से विजयी बनाना होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (रास्पा) विदेशी एजेंडा और फंडिंग के सहारे जनता को भ्रमित कर रही है, जिससे युवाओं में मानसिक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
तारा चौधरी ने कहा कि नेपाली कांग्रेस एक समावेशी और लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसने सभी जाति, भाषा और वर्ग को साथ लेकर देश के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा कि “आज मैं चौधरी समुदाय से होते हुए डिप्टी मेयर बनी हूं, यह कांग्रेस की लोकतांत्रिक सोच का परिणाम है।” उन्होंने घर-घर जाकर कांग्रेस के चार तारे वाले झंडे के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि स्थिर और टिकाऊ सरकार केवल कांग्रेस ही दे सकती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
मनोज कुमार त्रिपाठी, द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज, अमवा (नेपाल)