भरत कुमार शाह बोले—“विकास, स्वच्छ छवि और अनुभव ही मेरी असली ताक़त”
मनोज कुमार त्रिपाठी
लुम्बिनी संसदीय क्षेत्र संख्या–5 से नेपाली कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने के बाद भरत कुमार शाह ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वे इस क्षेत्र के लिए कोई नया नाम नहीं हैं, बल्कि एक परिचित और भरोसेमंद चेहरा हैं। यह उनका छठा चुनाव है और वे पहले ही तीन बार इसी क्षेत्र से जीत हासिल कर चुके हैं। अपने पिछले कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास निर्माण के कार्य हुए हैं, जिन्हें जनता भली-भांति जानती है।
भरत कुमार शाह ने अपनी छवि को अपनी सबसे बड़ी ताक़त बताया और कहा कि आज तक उन पर किसी भी प्रकार का कोई आरोप या दाग नहीं लगा है। स्वच्छ छवि और जनता का विश्वास ही उनकी राजनीति की नींव रही है। उन्होंने कहा कि नेपाली कांग्रेस में हाल के बदलावों के बाद नए पार्टी सभापति गगन थापा के नेतृत्व में लुम्बिनी जिले के पांच संसदीय क्षेत्रों में से चार में नए उम्मीदवारों को अवसर दिया गया है, लेकिन अनुभव, विश्वसनीयता और निरंतर जनसंपर्क को देखते हुए लुम्बिनी–5 से उन्हें ही प्रत्याशी बनाया गया है।
लुम्बिनी में विकास को लेकर उठ रहे सवालों पर भरत कुमार शाह ने स्पष्ट कहा कि भैरहवा, बुटवल और तिलोत्तमा जैसे क्षेत्रों का विकास बड़े बॉर्डर और व्यापारिक आवागमन के कारण संभव हुआ है। सुनौली जैसे बड़े बॉर्डर से देश-विदेश से लोग और माल-सामान आते हैं, जिससे वहां आर्थिक गतिविधियां तेज़ हुईं। इसके विपरीत लुम्बिनी का ककराहवां बॉर्डर छोटा और बंद होने के कारण यह क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे रह गया। उन्होंने ऐलान किया कि लुम्बिनी ककराहवां बॉर्डर को भैरहवा स्तर के कस्टम और इमिग्रेशन बॉर्डर के रूप में विकसित करना उनकी पहली और सबसे अहम प्राथमिकता होगी।
भरत कुमार शाह ने कहा कि लुम्बिनी गौतम बुद्ध की जन्मस्थली है और यह नेपाल की सबसे बड़ी धरोहरों में से एक है। इसके विकास के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने “मेक लुम्बिनी ग्रेट” के संकल्प के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने, वॉटरफ्रंट विकास और अंतरराष्ट्रीय आवागमन को सशक्त करने की योजना साझा की, ताकि लुम्बिनी को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।
होटल व्यवसायियों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ककराहवां बॉर्डर खुलने के बाद यहां इमिग्रेशन सुविधा शुरू होगी और देश-विदेश से पर्यटक सीधे लुम्बिनी पहुंच सकेंगे। इससे होटल व्यवसाय, पर्यटन उद्योग और स्थानीय रोज़गार को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भैरहवा की तरह यहां भी बड़े स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे पूरे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
अंत में भरत कुमार शाह ने दोहराया कि वे नेपाली कांग्रेस की नीति, घोषणापत्र और राष्ट्रवाद, लोकतंत्र व समाजवाद के मूल सिद्धांतों के आधार पर काम करेंगे। उनका स्पष्ट संदेश था कि लुम्बिनी–5 के विकास, सम्मान और पहचान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेंगे।