सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा, डीएम महाराजगंज ने किया अलर्ट जारी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

नौतनवां महराजगंज!भारत-नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में बीते 3-4 दिनों के भीतर भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार नौतनवां विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत महाव एवं बघेला नाला क्षेत्रों में लगभग 127 से 128 मिलीमीटर तक वर्षा हुई है। लगातार भारी वर्षा के कारण रोहिन और गंडक नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की आशंका जताई जा रही है, जिससे बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है।

जिलाधिकारी महाराजगंज संतोष कुमार शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के नागरिकों को सूचित किया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग को अलर्ट कर दिया गया है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निगरानी व आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

डीएम ने आम जनता से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं, किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और पूरी सतर्कता बरतें। प्रशासन पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

आपात स्थिति में नागरिक निम्नलिखित जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
05523-222162. 9628819145, 9621333537 या फिर अपने नजदीकी थाना से भी संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन की सलाह:
सुरक्षित स्थानों पर रहें,बच्चों व बुजुर्गों को नदी किनारे जाने से रोकें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल सरकारी स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें.जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और ज़रूरत पड़ने पर राहत व बचाव कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!