आशुतोष मिश्र का आह्वान—“पेड़ पर विश्वास, विकास का संकल्प”
मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपन्देही। चुनावी माहौल के बीच रूपन्देही क्षेत्र नंबर चार में राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रत्याशी आशुतोष मिश्र ने क्षेत्र के संपूर्ण मतदाताओं—माता-पिता, युवा साथियों और सम्मानित नागरिकों—से एक सशक्त और भावनात्मक अपील की है। उन्होंने कहा कि फागुन 21 गते होने जा रहे जनमतदान में भारी संख्या में भाग लेकर नेपाली कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘पेड़’ पर मतदान करें और उन्हें अत्यधिक मतों से विजयी बनाएं।
मिश्र ने अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि क्षेत्र की दिशा और दशा तय करने का निर्णायक क्षण है। उन्होंने “बदलिएको कांग्रेस, बदलिन्छ देश” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि बदली हुई कांग्रेस ही विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की नई इबारत लिख सकती है।
उन्होंने क्षेत्र के विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जनसमर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उनके अनुसार, जनता का एक-एक वोट रूपन्देही–4 को नई ऊर्जा और नई पहचान देने में निर्णायक साबित होगा।
क्षेत्र में उनके समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज हो चुका है और कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। अब सबकी निगाहें फागुन 21 पर टिकी हैं, जब मतदाता अपने निर्णय से रूपन्देही–4 के भविष्य की दिशा तय करेंगे।