महाकुम्भ में हुए भगदड़ में घायलों से मिले डीजीपी प्रशांत कुमार और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 

 

 

घायलों का हो रहा है बेहतर इलाज – डीजीपी प्रशांत कुमार

घायलों में किसी की भी हालत गंभीर नहीं – मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ प्रयागराज महाकुम्भ! उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान मची भगदड़ में घायल हुए 36 लोगों से मिलने के लिए यूपी पुलिस के महानिदेशक प्रशांत कुमार और चीफ सेक्रेटरी मनोज कुमार सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने सभी से मुलाकात की। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी का हाल जाना। इस संबंध में डीजीपी प्रशांत कुमार और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी दी। 

प्रशांत कुमार ने कहा, हम मेडिकल कॉलेज गए और इलाज करा रहे लोगों से मिले। यहां भर्ती किसी की हालत गंभीर नहीं है, कुछ लोगों को फ्रैक्चर हुआ है वहीं यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि 36 घायल लोग यहां भर्ती हैं। सभी का बहुत अच्छा इलाज किया जा रहा है और उनके साथ आए लोगों के लिए भी व्यवस्था की गई है। ये लोग देवरिया, दिल्ली और बिहार जैसे अलग-अलग जगहों के हैं, इनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। किसी की हालत गंभीर नहीं है लेकिन इनमें से कुछ की हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ है, उन्हें ठीक होने में 3 हफ्ते तक का समय लगेगा, ऐसे सिर्फ 2-3 मामले हैं।

न्यायिक जांच पर भी बोले डीजीपी

महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग पर कहा ‘राज्य सरकार ने न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। फिलहाल हम यहां चर्चा करने आए हैं कि हम बसंत पंचमी के अमृत स्नान को कैसे अच्छे से आयोजित कर सकते हैं और कैसे बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सकते हैं। हम उस जगह भी पहुंचे जहां यह घटना हुई थी। हम बसंत पंचमी के लिए बेहतर व्यवस्था करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

बता दें महाकुंभ में बुधवार की सुबह संगम नोज के पास मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गयी थी तथा 60 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए थे। इसके अलावा कई अन्य लापता हो गये। वे सभी मौनी अमावस्या के अवसर पर संगम में पवित्र स्नान के लिए आए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस दुखद घटना की गहराई से समीक्षा के लिए महाकुंभ जाने का निर्देश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!