डीआईजी एसएसबी ने सोनौली बॉर्डर पर पहुंचकर सुरक्षा का लिया जायजा

जवानों व ग्रामीणों से किया संवाद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) गोरखपुर सेक्टर के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री मुन्ना सिंह ने शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को सोनौली ट्रेड एवं ट्रांजिट रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा स्तंभ संख्या 517 से 517/2 तक पैदल गश्त कर सीमा सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की गहन समीक्षा की।

 

 

निरीक्षण के समय 22 वीं वाहिनी एसएसबी महराजगंज की एफ कंपनी, मुख्यालय सोनौली के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट सी. विवेक भी मौजूद रहे। उन्होंने डीआईजी को सीमा क्षेत्र की गतिविधियों, तैनाती और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

डीआईजी ने सीमा पर तैनात जवानों की ऑपरेशनल तैयारियों, सतर्कता एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधि, अवैध घुसपैठ अथवा सीमा पर अस्थिरता को किसी भी हाल में बर्दाश्त न किया जाए। उन्होंने चौकसी और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि एसएसबी सेवा, सुरक्षा और भाईचारे की भावना के साथ सदैव सीमा क्षेत्र में तैनात है। इस अवसर पर उन्होंने तंबाकू उत्पादों-सिगरेट, गुटखा, खैनी आदि – के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से इनसे दूर रहने की अपील की तथा दूध, फल और मोटे अनाज जैसे स्वस्थ आहार अपनाने का संदेश दिया।

 

 

उन्होंने नो मैन्स लैंड को स्वच्छ रखने, खुले में शौच न करने और कचरा न फैलाने की अपील करते हुए फलदार पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया, ताकि स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण हो सके।

डीआईजी ने नेपाल की एपीएफ, नेपाल पुलिस के साथ-साथ भारत की स्थानीय पुलिस, इमीग्रेशन, कस्टम, खुफिया एजेंसियों और सिविल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। निरीक्षण का समापन डीआईजी द्वारा जवानों से संवाद के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!