ब्लाक मिठौरा के भागाटार ग्राम पंचायत में एस एसआईआर कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

मनोज कुमार त्रिपाठी

महराजगंज! जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने आज मिठौरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय एवं पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण कर किसानों की सुविधाओं हेतु संचालित फार्मर रजिस्ट्री तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य के प्रगति का जायजा लिया।

 

YouTube player

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ग्राम सभा भागाटार पहुंचे, जहां तीन मतदेय स्थल—202, 203 एवं 204 पर एसआईआर का कार्य चल रहा था। जिलाधिकारी महोदय ने बूथवार संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, गणना प्रपत्र के वितरण, एकत्रीकरण और डिजिटाइजेशन की जानकारी ली। बूथ संख्या 202 पर कुल 1126 मतदाता सूचीबद्ध हैं, जिनमें सभी फार्म वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 200 फार्म जमा कर ऑनलाइन अपलोड भी किए गए हैं। इसी प्रकार अन्य बूथों पर प्रगति की समीक्षा में बूथ संख्या 203 (मतदाता संख्या 1141) पर लगभग 400 फार्म तथा बूथ संख्या 204 (मतदाता संख्या 864) पर लगभग 400 फार्म अपलोड किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई।

 

 

 

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में और अधिक सक्रियता एवं गति लाई जाए, ताकि समयावधि के भीतर सूची का प्रकाशन, आपत्तियों का निस्तारण तथा अन्तिम सूची का प्रकाशन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

इसके उपरांत जिलाधिकारी पंचायत सचिवालय पहुंचे, जहां किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा था। निरीक्षण में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने एडीओ पंचायत श्री कौशल किशोर सिंह को तत्काल सुधार लाने की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों को सरल, त्वरित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा फार्मर रजिस्ट्री सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्य हैं और सभी लोग समन्वित प्रयास के माध्यम से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से दोनों कार्यों को पूर्ण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!