आमजन और राहगीरों से संवाद कर रैन बसेरों और अलाव व्यवस्था का जाना हाल
प्रमुख चौराहों, बस स्टेशन, जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
सर्दियों से बचाव हेतु सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें जिम्मेदार- जिलाधिकारी
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 11 दिसंबर 2025, जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने बीती रात जनपद में विभिन्न स्थलों पर अलाव व्यवस्था और रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। कड़ाके की सर्दी को देखते हुए जिलाधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरे और अलाव व्यवस्था एवं रैन बसेरों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पथिकों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। आमजन ने बताया कि अलाव व्यवस्था सुचारू रूप से की गई है और इससे राहगीरों को राहत मिल रही है। राहगीरों ने जिलाधिकारी के इस कदम की भी सराहना की।
जिलाधिकारी ने स्वयं भी अलाव व्यवस्था की गुणवत्ता एवं उसकी उपलब्धता को परखा और अधिशासी अधिकारी को इसे लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी महोदय ने सक्सेना चौक, बस स्टेशन, जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्थलों पर अलाव व्यवस्था को देखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने सिविल लाइंस और जिला अस्पताल स्थित रैन बसेरे का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। सिविल लाइंस स्थित रैन बसेरे में जिलाधिकारी महोदय ने रैन बसेरे में प्रदीप यादव नामक व्यक्ति से बात किया। पथिक प्रदीप ने रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में रैन बसेरे और अलाव व्यवस्था को देखा। उन्होंने रैन बसेरे में रुके मरीजों के परिजनों से संवाद भी किया। सभी ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी महोदय ने अस्पताल प्रशासन को विशेष रूप से निर्देशित किया कि रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई, गरम पानी, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य वार्डों एवं दवाइयों की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा। मरीजों से वार्ता कर उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता तथा उपचार की स्थिति की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय से उपचार मिल रहा है और अस्पताल प्रशासन द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों ने समुचित चिकित्सा व्यवस्था पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन सेवा में डॉ श्वेतांशु शाही मौजूद थे।
जिलाधिकारी महोदय ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि औचक निरीक्षण का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप सर्द मौसम में आमजन और राहगीरों को आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के साथ ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में सभी रैन बसेरों को क्रियाशील कर दिया गया है और 69 चिन्हित स्थलों पर अलाव व्यवस्था की गई है। निरीक्षण में आमजन ने ठंड से बचाव के संदर्भ में की गई व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया है।

निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ ए.के. द्विवेदी, डॉ ए.बी. त्रिपाठी, ईओ
नगर पालिका श्री आलोक कुमार और जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



