महराजगंज पुलिस लाइन का मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया निरीक्षण

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने बृहस्पतिवार को महराजगंज पुलिस लाइंस का दौरा कर पुलिस कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइंस सभागार में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, जन शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। 

 

डीआईजी चन्नप्पा ने बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि हत्या, दुष्कर्म, महिला उत्पीड़न, चोरी और वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराधों में दोषियों को शीघ्र सजा दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इससे एक ओर जहां पीड़ितों को न्याय मिलेगा, वहीं दूसरी ओर अपराधियों में कानून का भय भी स्थापित होगा।

उन्होंने थानों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित जांच तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। 

डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए आदेश दिया कि सभी थाने समयबद्ध तरीके से विवेचनाएं पूर्ण करें, ताकि न्याय प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

गुंडा एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

आईजीआरएस में महराजगंज जनपद की लगातार प्रथम रैंकिंग बनाए रखने पर डीआईजी चन्नप्पा ने जनपद के अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने थानों की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और अनुशासित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और डीआईजी चन्नप्पा ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चयनित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त आरक्षियों से मुलाकात की।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और मनोयोग के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करें, क्योंकि यही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जिले में चल रहे अभियानों, अपराध नियंत्रण की स्थिति और थानों की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी मंडलायुक्त एवं डीआईजी के समक्ष प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!