डीएम साहब एक नजर इधर भी

सोनौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 06 गांधी नगर में मानक के विपरित हो रहा है नाली का निर्माण

निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग को लेकर ग्रामीणों में रोष

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

नौतनवां महराजगंज! नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर छह गांधी नगर में ठेकेदार द्वारा मानक के विपरित नाली निर्माण कराया जा रहा है। इसको लेकर वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। निर्माणाधीन नाली की गुणवत्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले मौके पर ही विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में संतोष पांडेय, पूर्व प्रधान संजय तिवारी, अजय चौहान, दुर्गेश यादव, चंद्रभान साहनी, वीरेंद्र गुप्ता, महेश यादव, विशाल, शहाबुद्दीन, दूधनाथ और श्रीप्रकाश त्रिपाठी सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

 

 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस तरह निर्माण किया जा रहा है, उससे स्पष्ट है कि नियमों और मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में नदी का बालू और नेपाल का कम गुणवत्ता वाला सीमेंट उपयोग किया जा रहा है, जो नाले की मजबूती और दीर्घायु के लिए उपयुक्त नहीं है।

 

 

लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मानक सामग्री न लगाकर लागत बचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे नाली कुछ ही महीनों में जर्जर होकर धाराशाई हो जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार नगर पंचायत को इसकी शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नागरिकों ने बताया कि पहले ही दिन सांचा हटाते ही नाला भरभरा कर गिर गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि इतना कमजोर निर्माण अभी से ही ढहने लगे तो बरसात के मौसम में पानी निकासी पूरी तरह बाधित होगी और पूरे वार्ड में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ेंगे। नाला निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन गुणवत्ता कहीं नजर नहीं आती, ऐसा आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। सार्वजनिक धन की खुलेआम बर्बादी हो रही है और ठेकेदार मनमानी पर उतारू है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!