महराजगंज डीएम संतोष कुमार शर्मा के सख्त तेवर से सरकारी महकमें में मचा हड़कंप, लापरवाही बरतने पर एसडीएम को हटाया, महिला एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी को मिली नई जिम्मेदारी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जनपद के नए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कार्यभार संभालते ही जिले के प्रशासनिक महकमें का पेंच कसना शुरू कर दिया है। अपने पहले ही सप्ताह में उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि लापरवाही और जन-शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

लगातार दौरे और निरीक्षण कर रहे डीएम संतोष कुमार अब तक फुल फॉर्म में नजर आ रहे हैं और कहीं भी अचानक पहुंचकर व्यवस्थाओं की हकीकत परख रहे हैं।

मिली खबर के मुताबिक, फरेंदा क्षेत्र में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से न लेने और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर उपजिलाधिकारी मुकेश कुमार पर कार्रवाई की गई है। उन्हें वर्तमान पद से हटाते हुए प्रतीक्षा त्रिपाठी को फरेंदा का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षा त्रिपाठी पूर्व में महिला अपर उपजिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं और उन्हें सक्रिय तथा अनुशासित अधिकारी के तौर पर जाना जाता है।

प्रशासनिक फेरबदल यहीं नहीं रुका। एसडीएम मुकेश कुमार को प्रतीक्षा त्रिपाठी पूर्व महिला अपर उपजिलाधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है। इसे डीएम संतोष कुमार शर्मा की स्पष्ट और पारदर्शी कार्यशैली का नतीजा माना जा रहा है, जिसमें जवाबदेही तय करना सर्वोपरि है।

बता दें कि जिले में नई ऊर्जा के साथ प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। डीएम की सक्रियता से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी चेतावनी का संदेश गया है कि अब लापरवाही नहीं चलेगी। जनता को बेहतर सेवाएं और समय पर न्याय सुनिश्चित करना नई प्रशासनिक टीम की प्राथमिकता मानी जा रही है।

डीएम संतोष कुमार शर्मा के सख्त तेवरों से साफ है कि प्रशासन अब लापरवाही और अनियमितताओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। उनके इस रुख से यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में जिले में और भी बड़े व प्रभावी फैसले लिए जा सकते हैं।

आम जनता को उम्मीद है कि डीएम की यह कार्य शैली जिले की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाएगी और जनहित से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। प्रशासन की सक्रियता से लोगों में विश्वास बढ़ा है और व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही की अपेक्षा भी जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!