मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर
देवदर्शन कंपनी, गोरखपुर के ठेकेदार अमरनाथ पर मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों के अनुसार 3 नवंबर 2025 को उन्हें जनरल टिकट पर ट्रेन से राजस्थान के लिए रवाना किया गया और लंबी यात्रा के बाद 6 नवंबर 2025 की सुबह करीब 6 बजे जिला जैसलमेर के खुईयाला, रामगढ़ क्षेत्र में उतार दिया गया।
मजदूरों का कहना है कि आठ लोगों को मात्र तीन घंटे का ही विश्राम मिला और उसी दिन सुबह 10 बजे कड़ी तपती धूप में काम पर लगा दिया गया। अत्यधिक गर्मी और कठिन परिस्थितियों में उनसे लगातार श्रम कराया गया, जिससे उनकी सेहत पर भी असर पड़ा।
आरोप है कि इतना कठोर परिश्रम कराने के बावजूद ठेकेदार ने समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया। मजदूरों के अनुसार आज तक उनकी मजदूरी बकाया है, जिससे वे आर्थिक संकट में हैं और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।


