किसान नेता व अधिवक्ता नागेन्द्र प्रसाद शुक्ला के एक मात्र पुत्र स्वर्गीय अमिताभ शुक्ला की मनायी गयी 11वीं पुण्यतिथि, दी गयी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के प्रख्यात किसान नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला के इकलौते पुत्र स्वर्गीय अमिताभ शुक्ला (कृष्ण मोहन शुक्ला) की 11वीं पुण्यतिथि कोल्हुई थाना अंतर्गत भागीरथपुर टोला श्रीपति नगर में श्रद्धा और भावनात्मक माहौल में मनाई गई।

गौरतलब है कि 10 मार्च 2014 सोमवार को पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान अमिताभ शुक्ला का निधन हो गया था। उनके असमय निधन के बाद से ही उनके पिता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला गहरे शोक में रहते हैं और प्रतिवर्ष अपने बेटे की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाते आ रहे हैं।

पुण्यतिथि के अवसर पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्वर्गीय अमिताभ शुक्ला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान किसान नेता नागेंद्र शुक्ला ने अश्रुपूरित शब्दों में कहा 10 मार्च 2014 का सोमवार मेरे जीवन का सबसे मनहूस दिन था, जिसने मुझे अंदर तक झकझोर कर रख दिया। मेरा बेटा मेधावी था, होनहार था, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। उनके इस हृदय विदारक वक्तव्य के बाद उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गई।

इस भावुक अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, किसान, अधिवक्ता, समाजसेवी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे और स्वर्गीय अमिताभ शुक्ला की स्मृतियों को नमन किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!