रूपंदेही–3 में आरपीपी प्रत्याशी का बड़ा संकल्प
स्वर्गीय दीपक बोहरा की सोच को आगे बढ़ाने मैदान में उतरे पुत्र
पायलट से सांसद उम्मीदवार तक का अनुभव, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास का संगम
मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपंदेही नेपाल!
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) ने रूपंदेही संसदीय क्षेत्र नंबर तीन से कैप्टन गौरव बोहरा को सांसद प्रत्याशी घोषित कर राजनीतिक परिदृश्य में नई ऊर्जा भर दी है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद कैप्टन गौरव बोहरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने स्वर्गीय पिता श्री दीपक बोहरा द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को नई गति और निरंतरता देंगे।

कैप्टन गौरव बोहरा ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय दीपक बोहरा रूपंदेही में विकास की मजबूत नींव रखने वाले नेता रहे हैं। “पिताजी अब हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने जो विकास का रास्ता दिखाया है, वही मेरा मार्गदर्शन है। मैं उसी सोच और संकल्प के साथ जनता की सेवा करना चाहता हूं,” उन्होंने भावुक स्वर में कहा।
क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसानों की कठिनाइयां, व्यापारियों की चुनौतियां और स्थानीय रोजगार के अवसरों की कमी आज सबसे बड़ा मुद्दा है।

खासतौर पर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर उन्होंने कहा कि उसका निर्माण तो हो चुका है, लेकिन वह अभी पूरी तरह से चलायमान नहीं है, जिससे क्षेत्र को अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिल पा रहा।
एयरपोर्ट से खुलेगा विकास का द्वार
कैप्टन गौरव बोहरा ने कहा कि यदि एयरपोर्ट को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए, तो इससे पर्यटन, होटल उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। “मैं स्वयं इसी क्षेत्र से जुड़ा हूं, इसलिए मुझे विश्वास है कि इस दिशा में ठोस पहल कर सकता हूं,” उन्होंने कहा।
पायलट से जनप्रतिनिधि तक: अनुभव नई जिम्मेदारी के साथ
पायलट रहते हुए पहली बार सांसद का चुनाव लड़ने के सवाल पर कैप्टन गौरव बोहरा ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि राजनीति उनके लिए नई नहीं है। “जब मेरे पिताजी स्वर्गीय दीपक बोहरा चुनाव लड़ते थे, तब मैं हर स्तर पर उनके साथ खड़ा रहता था। जनता के बीच रहना, उनकी समस्याएं सुनना और समाधान के लिए काम करना मेरे लिए नया नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब जिम्मेदारी सीधे मेरे कंधों पर है,” उन्होंने कहा।

जनता के साथ, जनता के लिए काम करने का संकल्प
कैप्टन गौरव बोहरा ने कहा कि वे केवल चुनावी वादों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जनता के बीच रहकर, जमीन पर उतरकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के इस प्रत्याशी को क्षेत्र में एक युवा, शिक्षित और विकास-केंद्रित चेहरे के रूप में देखा जा रहा है, जिससे रूपंदेही की जनता को नई उम्मीदें बंधी हैं।
