मनोज कुमार त्रिपाठी
नई दिल्ली! नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा गोरखपुर नगर निगम को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जल संचय जनभागीदारी अभियान (JSJB 1.0) के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोरखपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा तथा उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर निगम को प्रशस्ति पत्र और ₹2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने इस सम्मान को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समर्पित करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वर्षा जल संचयन, तालाबों और कुओं की सफाई, नदियों-नालों के पुनर्जीवन तथा तकिया घाट पर प्राकृतिक जल शोधन जैसे नवाचारों की राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सराहना की गई।

नगर निगम टीम की मेहनत और गोरखपुरवासियों की सक्रिय सहभागिता को इस उपलब्धि का मुख्य आधार बताया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान वास्तव में गोरखपुर की जनता की सामूहिक जीत है और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।



