मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर , पीपीगंज । पीपीगंज थाना क्षेत्र के भुईधरपुर गांव में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं — जहां एक नातिन ने अपनी ही दादी को गड़ासी से मौत के घाट उतार दिया और मां की मदद से शव को बोरे में भरकर साइकिल से गांव के बाहर फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन स्थित वाइट हाउस सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि 26 सितंबर 2025 को भुईधरपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला था। मृतका की बहू द्वारा दी गई तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन जांच में पुलिस को परिवार पर ही शक हुआ।
पूछताछ में मृतका की बहू उत्तरा देवी और नातिन खुशी कुमारी (पत्नी व पुत्री परदेशी उर्फ राजेश) ने अपराध कबूल कर लिया। खुशी ने पुलिस को बताया कि उसकी दादी अक्सर उसे “बंगालिन” कहकर ताने मारती थी और नौकरानी जैसा व्यवहार करती थी। लगातार अपमान से परेशान होकर उसने गुस्से में दादी की गड़ासी से हत्या कर दी। मां के लौटने पर दोनों ने मिलकर शव को बोरे में भरा और साइकिल से गांव के बाहर फेंक दिया।

अभियुक्ताओं की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासी और साइकिल बरामद कर ली है।
यह खुलासा प्रभारी निरीक्षक पीपीगंज के नेतृत्व में एण्टी थेफ्ट सेल, एसओजी/स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुआ।
पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि घटना का पर्दाफाश बेहद पेशेवर तरीके से किया गया। दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।













