जवानों को अबीर-गुलाल लगाकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66 वीं वाहिनी के मुख्यालय में हाल ही में ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया था।
यह कार्यक्रम कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई के सानिध्य में अत्यंत गरिमापूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ संदीक्षा परिवार की महिला सदस्यों द्वारा आयोजित गुझिया प्रतियोगिता से हुआ। अध्यक्ष संदीक्षा और अन्य अधिकारियों ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार व्यंजनों का स्वाद चखा। निर्णायक समिति ने गुणवत्ता और स्वाद के आधार पर विजेताओं की घोषणा की, साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिलाओं को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट और अन्य अधिकारियों ने जवानों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष संदीक्षा ने भी संदीक्षा परिवार की सभी सदस्यों को गुलाल लगाकर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
होली मिलन के इस शुभ अवसर पर कमांडेंट, अधिकारी और जवानों ने पारंपरिक लोक संगीत की धुन पर सामूहिक नृत्य किया। इससे पूरा वातावरण उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। संपूर्ण कार्यक्रम सैन्य परंपराओं के अनुरूप अत्यंत अनुशासित और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।