एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोनौली बार्डर पर 33 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जनपद के सोनौली कोतवाली क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त गश्ती के दौरान एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 33 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक का नाम ध्रुव खत्री पुत्र सोनू खत्री निवासी वार्ड नंबर 12 शांति नगर भैरहवा जिला रूपंदेही नेपाल का बताया गया है। यह गिरफ्तारी पगडंडी मार्ग पर हुई, जब युवक भारत से नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।

बता दें कि एसएसबी और पुलिस की टीम सोनौली सीमा पर स्थित पगडंडी मार्ग पर नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान, उन्होंने एक युवक को पैदल भारत से नेपाल की ओर जाते देखा। जवानों ने उसे रूकने का इशारा किया तो युवक भागने लगा। जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 33 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

इस संबंध में सोनौली कोतवाली प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि अभियुक्त को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी में एसएसबी 22 वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पांडे, सोनौली थाने के एसएसआई रामचंद्र राय, सोनौली चौकी प्रभारी नवनीत नागर सहित एस एसबी और पुलिस के कई जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!