बालिकाओं को किया जागरूक
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! महाराजगंज जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र में 27 सितंबर 2025 को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में ‘मिशन शक्ति फेज 5’ अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम और साइबर क्राइम टीम ने बालिकाओं और शिक्षिकाओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम में बालिकाओं और शिक्षिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों, ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके साथ ही, साइबर अपराधों से बचाव और उनसे संबंधित सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 102 (एम्बुलेंस), 108 (एम्बुलेंस), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्डलाइन) के महत्व और उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान की।

जागरूकता सत्र के दौरान, महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह और महिला समृद्धि योजना के बारे में भी विशेष जानकारी दी गई। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना है।











