नौतनवां थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक में रमजान और होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना परिसर में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विशेष रूप से रमजान और होली जैसे प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम ने की बैठक में और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव भी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य रमजान और होली पर्व पर क्षेत्र में आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति व्यवस्था बनाए रखना था। 

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार खुशियों और आपसी प्रेम का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी को मिल-जुलकर इन्हें मनाना चाहिए। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और ऐसी कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें।

इस अवसर पर नौतनवां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए ग्रामीण, व्यापारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए। व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और विद्युत आपूर्ति को लेकर चिंता व्यक्त की, जबकि ग्रामीणों ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की।

क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने आश्वासन दिया कि रमजान के दौरान मस्जिदों और इफ्तार के समय विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि होली के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखी जाएगी और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

बैठक के अंत में सभी समुदायों के लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। 

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!