नेपाल में चुनाव को लेकर पांच मार्च की रात 12 बजे से पुनः शुरू होगा आवागमन
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! नेपाल में आगामी पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। सोमवार की रात 12 बजे से एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के जवानों ने सोनौली, ठूठीबारी और झुलनीपुर सीमा को बंद कर दिया। यह प्रतिबंध पांच मार्च की रात 12 बजे तक प्रभावी होगा। सीमा सील होने के कारण आम नागरिकों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं और आपात सेवाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट प्रदान की गई है।
सीमा पर एसएसबी, पुलिस और नेपाली सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। प्रशासन के अनुसार, प्रतिबंध अवधि में केवल आवश्यक वस्तुओं के आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। इनमें दैनिक उपभोग की खाद्य सामग्री, सब्जियां, फल, दूब, अनाज, दवा, चिकित्सा उपकरण, पेट्रोल डीजल, एलपीजी गैस, एंबुलेंस सेवा, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सरकारी कार्य से जुड़े वाहन शामिल हैं।
वाहनों की सघन जांच के बाद ही सीमा पार करने की अनुमति दी जाएगी। सीमा सील होने से व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम नेपाल में चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए, उठाया गया है। भारत और नेपाल के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी निर्देशों का पालन करें। सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी जारी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसएसबी 22 वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सी. विवेक ने मीडिया को बताया कि सोमवार की रात 12 बजे से गुरुवार की रात 12 बजे तक
आवश्यक वस्तुओं व आपात सेवाओं को छूट मिलेगी।
इस संबंध में रूपंदेही (नेपाल) के एसपी जनक बहादुर शाही ने मीडिया को बताया कि नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा सील की गई है। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। पांच मार्च को चुनाव प्रक्रिया संफ्न होने के बाद रात 12 बजे से आवागम बहाल कर दिया जाएगा।
तब तक भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। केवल आवश्यक वस्तुओं और आपात सेवाओं से जुड़े वाहनों को जांच के बाद जाने की अनुमति दी जाएगी।