जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से छात्रवृत्ति से संबंधित दी गई सूचना 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज 25 जून 2025, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विपिन कुमार यादव द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचित किया गया है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्व दशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र, 2025-26 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पूर्व दशम (कक्षा 09-10), दशमोत्तर (कक्षा 11-12 एवं अन्य उच्च कक्षाओं) कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति हेतु आनलाइन आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति वितरण तक की समस्त कार्यवाही हेतु शासन द्वारा समय सारिणी जारी किया गया है। 

पूर्व दशम (कक्षा 09-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) हेतु छात्र/छात्राओं द्वारा रजिस्ट्रेशन एवं आनलाइन आवेदन करने हेतु दिनांक 02 जुलाई, 2025 से 30 अक्टूबर, 2025 तक तथा छात्र/छात्राओं द्वारा आनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी समस्त वांछित संलग्नकों सहित विद्यालय में जमा करने हेतु दिनांक 03 जुलाई, 2025 से 04 नवम्बर, 2025 तक, विद्यालय द्वारा आवेदन पत्र को आनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित करने हेतु दिनांक 03 जुलाई, 2025 से 06 नवम्बर, 2025 तक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक महराजगंज द्वारा वास्तविक छात्रों का सत्यापन करने हेतु दिनांक 07 नवम्बर, 2025 से 15 नवम्बर, 2025 तक की समयावधि निर्धारित किया गया है। 

दशमोत्तर उच्च कक्षाओं हेतु जनपद में स्थिति नवीन शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा बेस में सम्मिलित होने के लिये आवेदन करने तथा पूर्व सम्मिलित संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा बेस में समस्त सूचनाओं को अंकित कर उसकी प्रमाणिकता को डिजिटल हस्ताक्षर से आनलाईन सत्यापित करने हेतु दिनांक 07 जुलाई, 2025 से 25 नवम्बर, 2025 तक एवं उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं द्वारा रजिस्ट्रेशन एवं आनलाइन आवेदन करने हेतु दिनांक 10 जुलाई, 2025 से 31 मार्च, 2026 तक तथा छात्र/छात्राओं द्वारा आनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी समस्त वांछित संलग्नकों सहित शिक्षण संस्थान में जमा करने हेतु दिनांक 06 अप्रैल, 2026 तक की समयावधि निर्धारित किया गया है।

जनपद में संचालित समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रबन्धक/प्राचार्य / प्रधानाचार्य /छात्रवृत्ति नोडल एवं अध्ययनरत छात्र/छात्राओं को सूचित किया जाता है कि शासन द्वारा उपरोक्तानुसार निर्धारित तिथियों के अनुसार कार्यवाही करने का कष्ट करें। छात्रवृत्ति से सम्बन्धित समस्त कार्यों हेतु वेब साईट https://scholarship.up.gov.in/ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!