पालिका अध्यक्ष और तहसीलदार ने सुरक्षा उपायों पर दिए निर्देश
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! नौतनवां में लोक आस्था के महापर्व छठ को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में, नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी और तहसीलदार कर्ण सिंह ने संयुक्त रूप से नगर के डॉ.
राममनोहर लोहिया, भुंडी और दोमुहान छठ घाटों का निरीक्षण किया।
उन्होंने नगर पालिका द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसमें सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि नगर पालिका तीनों छठ घाटों पर साफ-सफाई, लाइटिंग, बैरिकेडिंग और संपर्क मार्गों पर प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
तहसीलदार कर्ण सिंह ने जोर देकर कहा कि दुर्घटना-रहित और सुविधा-युक्त छठ महापर्व का आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सजग और तत्पर है।


इस निरीक्षण के दौरान सभासद राहुल दूबे, संजय मौर्या, रवि त्रिपाठी, संतोष पाण्डेय, दीपू प्रजापति, गोविंद प्रसाद और सफीक अहमद सहित कई श्रद्धालु उपस्थित थे।













