मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाराज, मंडलायुक्त और आईजी रेंज अयोध्या जांच-पड़ताल के लिए पहुंचे रामस्वरूप विश्वविद्यालय
सीओ के अलावा इंस्पेक्टर नगर कोतवाली व चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ, बाराबंकी ! बाराबंकी जिले श्रीराम स्वरूप स्मारक विश्वविद्यालय में सोमवार को पुलिस द्वारा छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर लाठी चार्ज के मामले ने बड़ा रूप अख्तियार कर लिया है। करीब दो बजे छात्र और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस की लाठी से जख्मी हुए थे।
सोमवार देर रात प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल चाल लिया। इसके बाद इस मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले में आलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कहा कि तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री के आदेश और उनका कड़ा रुख देखते हुए सीओ नगर हर्षित चौहान को पद से हटा दिया गया है, जबकि इंस्पेक्टर नगर कोतवाली राम किशन राणा, चौकी प्रभारी गदिया समेत चौकी की पूरी पुलिस फोर्स को लाइन हाजिर कर दिया।
इस मामले की जांच आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार को सौंपी गई है।
उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद अयोध्या मंडलायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक मंगलवार दोपहर करीब दो बजे छानबीन के लिए रामस्वरूप विश्वविद्यालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने डिग्री संबंधी मामले और लाठीचार्ज की घटनाओं को लेकर विश्वविद्यालय परिसर का जायजा लिया और सुबूत जुटाए।
बता दें कि लाठीचार्ज से नाराज एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्र मंगलवार को लखनऊ में विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा गया। विपक्षी दलों ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिस एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाती नजर आ रही है। अखिलेश यादव ने लिखा कि बाराबंकी में छात्रों पर लाठीचार्ज, सरकार की नाकामी और हताशा की निशानी बताया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिपरिषद की बैठक में भी इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने अयोध्या मंडलायुक्त से रामस्वरूप विश्वविद्यालय की डिग्री संबंधी मामले की रिपोर्ट और आईजी अयोध्या से लाठीचार्ज की पूरी रिपोर्ट मांगी है। जिसको लेकर अयोध्या मंडलायुक्त और आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार मंगलवार दोपहर जांच-पड़ताल के लिए रामस्वरूप विश्वविद्यालय पहुंचे।






