सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज की बड़ी छलांग, संयुक्त रैंकिंग में टॉप-10 में बना स्थान

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जनवरी 2026 रैंकिंग में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में जगह बनाई है। राजस्व व विकास की संयुक्त रैंकिंग में जनपद ने आठवां स्थान प्राप्त कर प्रशासनिक दक्षता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। 

विकास क्षेत्र में संचालित योजनाओं और परियोजनाओं के बेहतर निष्पादन के चलते जनपद को 71 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 6 में ‘बी’ ग्रेड और 3 में ‘सी’ ग्रेड मिला है। 

उल्लेखनीय बात यह रही कि किसी भी विकास योजना में जनपद को ‘डी’ ग्रेड प्राप्त नहीं हुआ। इसी तरह राजस्व क्षेत्र में भी प्रदर्शन सराहनीय रहा, जहां 34 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 9 में ‘बी’ ग्रेड और 4 में ‘सी’ ग्रेड हासिल हुआ है। सीएम डैशबोर्ड के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण और सामाजिक कल्याण जैसी प्रमुख विभागीय योजनाओं से जुड़े सूचकांकों में जनपद का प्रदर्शन विशेष रूप से बेहतर पाया गया। 

विगत माह संयुक्त रैंकिंग में 14 वां स्थान मिलने के बाद जिलाधिकारी द्वारा कड़ी समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए थे, जिसका सकारात्मक असर इस माह की रैंकिंग में साफ दिखा। खास बात यह है कि राजस्व रैंकिंग में जनपद ने 33 वें स्थान से सीधा 12 वां स्थान हासिल किया, जबकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में 9 वां स्थान मिला। 

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!