ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर तस्कर हुए फरार
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज, 03 फरवरी 2025: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए, सशस्त्र सीमा बल पथलहवा और अधीक्षक मोबाइल कस्टम निचलौल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की। अलग-अलग सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में बॉर्डर पिलर संख्या 497/1 के पास गंडक नदी के किनारे से एक ट्रैक्टर-ट्राली बरामद की गई, जिसमें 170 पेटी (कुल 1700 किलोग्राम) चाइनीज सेब लदा हुआ था।
अधिकारियों को देखते ही भागे तस्कर
बता दें कि तस्करी की सूचना पर जब एसएसबी और कस्टम की टीम मौके पर पहुंची, तो तस्करों ने ट्रैक्टर ट्राली पर लोड किया गया माल छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। ट्रैक्टर-ट्राली का चेचिस नंबर B-3157685 दर्ज किया गया है, जिससे विरूद्ध आगे की जांच की जा रही है।
सीमा शुल्क कार्यालय द्वारा आगे की जांच जारी
बरामद सेब और वाहन को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, निचलौल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह विदेशी सेव नेपाल से तस्करी कर भारत में लाने की कोशिश की जा रही थी, जिसे समय रहते जब्त कर लिया गया।
सीमा पर बढ़ रही तस्करी, सतर्कता बढ़ाई गई
नेपाल सीमा से लगे इलाकों में लगातार तस्करी के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। विदेशी फल, शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसएसबी और कस्टम की टीम लगातार गश्त कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सीमा पर गैरकानूनी गतिविधियों को रोका जा सके।
इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है, और सुरक्षाबलों ने सीमा क्षेत्र में सतर्कता और बढ़ा दी है ताकि भविष्य में ऐसे प्रयासों को नाकाम किया जा सके।