महराजगंज जिले की नौतनवां पुलिस और एसएसबी की बड़ी कामयाबी 

गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर कार से 19 किग्रा चरस बरामद, चालक गिरफ्तार

 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

 

महराजगंज! महराजगंज के नौतनवां थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे 

पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। 

 

गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर संपतिहा पुलिस चौकी के सामने एक कार से करीब 19 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इस दौरान गाजीपुर निवासी कार चालक हेमंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, सोनौली से गोरखपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। सूचना मिलते ही नौतनवां क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, नौतनवां थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बरामदगी की पुष्टि की।

 

संपतिहा चौकी प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में चरस की तस्करी की जा रही है। इसी आधार पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने चौकी के सामने घेराबंदी की।

कार की सघन तलाशी के दौरान उसकी डिग्गी में लगे सीएनजी सिलेंडर के नीचे चरस छुपाकर रखी गई थी। तलाशी में 500 ग्राम के 38 पैकेट चरस बरामद हुए, जिनका कुल वजन 19 किलोग्राम है।

 

 

थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने इसे मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!