देवरिया जिले के बरहज में बड़ा हादसा,सरयू नदी में नहाते समय तीन युवकों की डूबकर मौत 

नाना के घर जन्मदिन की खुशियां मनाने आए थे नाती, सरयू नदी में स्नान करते समय काल की गाल में समा गए, ननिहाल से लेकर घर तक मातम

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

देवरिया बरहज! रविवार की रात देवरिया के बरहज नगर के पटेल नगर के रहने वाले तुफानी बंसफोर का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए गोरखपुर के मोहद्दीपुर की रहने वाली बेटी के लड़के प्रदीप (उम्र 24 वर्ष) पुत्र संजय बंसफोर, रोहित (उम्र 20 वर्ष) पुत्र संजय बंसफोर और बंटी (उम्र 21 वर्ष) पुत्र रंजय बंसफोर, बरहज के पटेल नगर आए हुए थे। रात में तीनों जन्मदिन समारोह में शामिल हुए और सो गए।

सोमवार की सुबह गर्मी ज्यादा होने के चलते तीनों स्नान करने के लिए बरहज के थाना घाट स्थित सरयू नदी में गए थे। जहां अचानक तीनों डूब गए। आस-पास मौजूद लोगों ने तीनों को डूबता देखा तो शोर मचाने लगे। वहां मौजूद कुछ नाविकों ने तीनों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद नाविकों ने तीनों को बाहर निकाला।

तीनों को आनन-फानन में बरहज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। बरहज स्थित ननिहाल और गोरखपुर स्थित घर में परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!