नौतनवां तहसील में बिचौलियों का बोलबाला

कई लेखपाल रखे हैं निजी मुंशी करवाते हैं दलाली

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! नौतनवां तहसील परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बिचौलियों का जाल इस कदर फैल गया है कि आम जनता को अपने ही कामों के लिए आधिकारिक कर्मचारियों के बजाय प्राइवेट मुशियों का सहारा लेना पड़ रहा है। नौतनवां तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सिंह ने एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी को देते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि नौतनवां तहसील में तैनात कई लेखपालों ने निजी मुंशी रखे हुए हैं, जो जमीन से जुड़े कार्यों में प्रत्यक्ष रूप से हस्तक्षेप कर रहे हैं।

 

 

उनका कहना है कि जमीन संबंधित किसी भी कार्य-चाहे नक्शा, खतौनी, नामांतरण या अन्य प्रक्रिया हो उसके लिए पहले इन प्राइवेट मुशियों से ही संपर्क करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि ये प्राइवेट कर्मचारी लेखपालों के अभिलेखों का अवलोकन कर भूमाफियाओं को विवादित या खाली जमीनों की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। इससे क्षेत्र में कई बार अनावश्यक विवाद व तनाव की स्थिति भी पैदा हो जाती है। कुछ भूमाफिया इन प्राइवेट मुशियों के साथ मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं, जिससे उन्हें भू-अभिलेखों की संवेदनशील जानकारी शॉर्टकट तरीके से मिल जाती है। तहसील में काम कर रहे ऐसे मुंशियों व बिचौलियों के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, पर मजबूत पहुंच होने के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

तहसील में सक्रिय ऐसे बिचौलियों और अवैध रूप से काम कर रहे प्राइवेट मुशियों पर सख्त रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता को बिना दलालों के अपने कार्य सुचारू रूप से निपटाने में सुविधा मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!