मिशन शक्ति 5.0: समाज की प्रेरणादायी महिलाओं का हुआ सम्मान

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर किया उत्साहवर्धन

योगी सरकार का मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में सशक्त कदम

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज ! महराजगंज स्थित पुलिस लाइन के सभागार में आज मिशन
शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार  शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जिले की उन महिलाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देकर महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा दिया है। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाली डॉ. अनिता त्रिपाठी (एमडी आयुष, पीएचसी मिठौरा) एवं डॉ.अनिवेशिका श्रीवास्तव (गाइनोकोलॉजिस्ट, जिला चिकित्सालय) को महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और संवेदनशील गर्भवती महिलाओं के सफल उपचार हेतु सराहा गया। इसी तरह स्टाफ नर्स रिना सिंह, बचिता मौर्या और स्नेहलता यादव को मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य और चिकित्सा देखभाल में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

 

 

शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानाचार्य शशिकला सिंह और अनामिका पाण्डेय को छात्राओं को सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक करने में उनके योगदान हेतु सम्मान मिला। वहीं काउंसलर प्रियंका सिंह को घरेलू उत्पीड़न एवं पति-पत्नी से संबंधित विवादों को सुलह-समझौते से निस्तारित करने और महिला सशक्तिकरण संबंधी कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया। सामाजिक कार्यों में सुश्री चांदनी को पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं के पुनः नामांकन और महिला जागरूकता के लिए सराहनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

 

पुलिस विभाग से थानाध्यक्ष महिला थाना- सरोजनी वर्मा, उपनिरीक्षक सारिका सिंह और खुश्बू, महिला आरक्षी आरजू और दीक्षा सिंह सहित कई महिला पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के साथ-साथ मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को शासन की योजनाओं से अवगत कराने और अपहृताओं की बरामदगी में विशेष योगदान देने के लिए सम्मान प्राप्त हुआ।

 

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। मिशन शक्ति अभियान इसी दिशा में एक सशक्त कदम है, जिसके अंतर्गत समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!