मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम- नौतनवां पुलिस की पहल

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस की मिशन शक्ति टीम और एंटी-रोमियो स्क्वाड ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत यह कार्यक्रम गुरुकुल पब्लिक स्कूल नौतनवां में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालक और बालिकाएं शामिल हुईं।

 

 

थाना स्थानीय मिशन शक्ति टीम ने स्कूल पहुंचकर बच्चों को नए कानूनों की जानकारी दी और बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार और पुलिस द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। टीम ने छात्राओं को बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, साइबर अपराध और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 181, 1090 यूपी महिला शक्ति लाइन, 1076 सीएम हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि किसी भी परिस्थिति में छात्राएं त्वरित मदद प्राप्त कर सकें।

टीम ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान, ‘सखी वन-स्टॉप सेंटर, ‘पॉक्सो एक्ट’ और ‘मिशन शक्ति’ से जुड़ी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चियों को जागरूक रहने और ज़रूरत पड़ने पर बिना डर पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

इसके साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए भी छात्रों को शिक्षित किया गया।

नौतनवां पुलिस की यह पहल छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!