नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में अनियमित विद्युत कटौती का मामला
मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां! भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतर्राष्ट्रीय महत्व का कस्बा सोनौली इन दिनों उमस भरी गर्मी और लगातार हो रही विद्युत कटौती से परेशान है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की पिछले 15 दिनों से लगातार शिकायतों के बाद नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने प्रमुख सचिव ऊर्जा से विद्युत विभाग के अधिकारियों की शिकायत दर्ज कराई और बीते शुक्रवार को सोनौली में जन चौपाल का आयोजन किया, जिसमें विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी आम जनता के बीच बैठाया।
चौपाल के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार की कटौती और विभागीय लापरवाही की खुलकर शिकायत की। इतना ही नहीं, जनता ने नौतनवां व लक्ष्मीपुर विद्युत खंड के एसडीओ पर दुर्व्यवहार और फोन न उठाने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

इन सभी समस्याओं को सुन विधायक ऋषि त्रिपाठी मौके पर ही भड़क उठे और बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदारों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की तकलीफ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने जन चौपाल के बाद उच्च विद्युत अधिकारियों से बातचीत कर हालात से अवगत कराया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए नौतनवां और लक्ष्मीपुर दोनों विद्युत खंडों के एसडीओ को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इस कदम से स्थानीय लोगों में संतोष की लहर है और उम्मीद की जा रही है कि अब बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।
विधायक ऋषि त्रिपाठी के इस प्रयास की व्यापारियों के बीच खूब प्रशंसा हो रही है।

