मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा नेपाल! राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) के अध्यक्ष राजेंद्र लिंगदेन ने भैरहवा की प्रकृति लम्साल के परिवार से आज मुलाकात की, जो भारत में ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी विश्वविद्यालय में मृत पाई गई थी।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी रूपंदेही के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को सिद्धार्थनगर नगर पालिका के वार्ड नं. 8 स्थित लम्साल के आवास पर पहुंचकर अध्यक्ष लिंगडेन ने दिवंगत प्रकृति लम्साल को श्रद्धांजलि दी तथा परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। अध्यक्ष लिंगडेन ने इस हृदय विदारक घटना पर दुख जताया है।

लम्साल परिवार ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। स्थानीय निवासी ज्ञानू पौड़ेल और घनश्याम बेलबासे ने कहा कि प्रकृति लम्साल को न्याय मिलना चाहिए।
अध्यक्ष लिंगडेन के साथ उपाध्यक्ष बिक्रम पांडे, प्रवक्ता ज्ञानेंद्र शाही, आरपीपी लुंबिनी प्रांत संसदीय दल के नेता आशीष चौधरी और पार्टी के रूपंदेही जिला अध्यक्ष सागर प्रताप राणा सहित अन्य लोग लम्साल स्थित आवास पर पहुंचे।
बता दें कि भारत के ओडिशा में कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) विश्वविद्यालय की 21 वर्षीय छात्रा प्रकृति लम्साल अपने छात्रावास में मृत पाई गई।