“ग्रामीणों से बोले विधायक –
आप की समस्या, मेरी जिम्मेदारी , आपके लिए हर समय उपलब्ध हूं”।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
“विधायक चले जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आज नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने लक्ष्मीपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पैसिया ललाईन में आयोजित जनचौपाल में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिला-पुरुषों और गणमान्य नागरिकों से उन्होंने सीधी बातचीत की और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
विधायक त्रिपाठी ने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने चौपाल के माध्यम से ही अधिकारियों को कई समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा, “आप अपनी समस्या को हमसे किसी भी माध्यम से साझा कर सकते हैं मोबाइल हो या सीधा संपर्क। हमारी टीम और मैं 24 घंटे आपकी सेवा में तत्पर हैं। हम लगातार आपके द्वार पर आएंगे, आपकी शिकायतें सुनेंगे और समाधान करेंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें नौतनवां विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया, नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप सिंह, भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा और राकेश पांडे सहित अन्य स्थानीय नेता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
जनचौपाल में बिजली, पानी, सड़क, आवास और पेंशन जैसी जनसमस्याओं पर चर्चा हुई, जिनके समाधान हेतु विधायक ने तत्परता दिखाई।
बता दे कि इस चौपाल के माध्यम से विधायक ऋषि त्रिपाठी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि वे केवल विधानसभा तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के द्वार-द्वार तक पहुंचने को प्रतिबद्ध हैं।

